कोंडागांव में दिव्यांगजनों के लिए तीन दिवसीय विशेष शिविर

कोंडागांव, 07 अप्रैल 2026/ जिला प्रशासन कोंडागांव के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से 06 अप्रैल से 08 अप्रैल 2026 तक तीन दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर के पहले दिन में दिव्यांगजनों को विभिन्न आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए। ‘‘श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति’’ के सहयोग से 4 दिव्यांगजनों को कैलीपर्स, 7 लोगों को कृत्रिम पैर, 4 लाभार्थियों को ट्रायसायकल तथा 1 व्यक्ति को सी.पी. व्हीलचेयर प्रदान की गई।
इसके साथ ही 11 दिव्यांगजनों के निःशक्तता प्रमाण पत्र बनाकर मौके पर ही वितरित किए गए, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया और समाज में नशामुक्ति का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उप संचालक श्रीमती ललिता लकड़ा, मेडिकल टीम के सदस्य एवं श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।