नगरीय निकाय कर्मचारियों को केंद्रीय दर का लाभ दिलाने नपाध्यक्ष ने लिखा पत्र
महासमुंद। नगरीय निकाय के कर्मचारियों को नवीन श्रम संहिताओं के अंतर्गत केंद्रीय दर का लाभ प्रदान करने की मांग को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन विकास विभाग मंत्री अरुण साव को पत्र लिखकर कर्मचारियों को शीघ्र राहत देने की मांग की है।
नपाध्यक्ष श्री साहू ने पत्र में उल्लेख किया है कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए 4 नवीन श्रम कोड के तहत कर्मचारियों को केंद्रीय वेतनमान एवं अन्य सुविधाएं प्रदान करने का प्रावधान है। इसके बावजूद नगर पालिका एवं अन्य नगरीय निकायों के कर्मचारियों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने मंत्री से इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है, ताकि कर्मचारियों को उनका अधिकार मिल सके।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व ही नगर पालिका के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने नपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर श्रम कानून लागू कर वेतन प्रदान करने की मांग की थी। कर्मचारियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए नपाध्यक्ष ने तत्परता दिखाते हुए मंत्री को पत्र के माध्यम से अवगत कराया।
