10 साल बाद कौंदकेरा–बंसीवनी सड़क निर्माण को मिली मंजूरी, ग्रामीणों में खुशी की लहर
महासमुंद। सोरिद जनपद क्षेत्र क्रमांक 10 में लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी कौंदकेरा– बंसीवनी सड़क के पुनर्निर्माण को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। जनपद सदस्य सुधा योगेश्वर चंद्राकर की लगातार कोशिशों के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव ने इस पर स्वीकृति की मुहर लगा दी है।
गौरतलब है कि इस सड़क का निर्माण लगभग 10 वर्ष पहले रमन सिंह के कार्यकाल में हुआ था। इसके बाद से अब तक एक बार भी मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी। यह मार्ग वन क्षेत्र से होकर कई वनग्रामों को जोड़ता है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीण लंबे समय से जनपद सदस्य से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। जनपद सदस्य सुधा चंद्राकर ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए लगातार पीडब्ल्यूडी मंत्री, पंचायत मंत्री और स्थानीय प्रशासन से मुलाकात कर स्वीकृति के लिए प्रयास किए। उनके अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि अब इस सड़क के निर्माण के लिए 3 करोड़ 60 लाख 17 हजार रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर है। लोगों ने जनपद सदस्य सुधा योगेश्वर चंद्राकर का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। ग्रामीणों का मानना है कि इस सड़क के बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
