राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता के लिए 8 खिलाड़ी चयनित, जिले में खुशी की लहर
महासमुंद। जिले के उभरते खिलाड़ी एक बार फिर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करने जा रहे हैं। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 6 से 10 अप्रैल तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय शालेय रग्बी प्रतियोगिता के लिए महासमुंद जिले के 8 छात्र-खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ की राज्य टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे जिले में उत्साह और गर्व का माहौल है।
प्रतियोगिता का आयोजन आयु वर्ग के अनुसार किया जाएगा। अंडर-17 वर्ग के मुकाबले 6 और 7 अप्रैल को खेले जाएंगे, जबकि अंडर-14 वर्ग के मैच 9 और 10 अप्रैल को आयोजित होंगे। चयनित खिलाड़ियों में तुमगांव, बेलसोंडा और तुसदा क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्र शामिल हैं। अंडर-17 (बालक/बालिका) वर्ग में कुणाल जांगड़े, अजय साहू (पब्लिक स्कूल तुमगांव), प्रियंका साहू (बेलसोंडा) और वेदिका ध्रुव (तुसदा) ने जगह बनाई है। वहीं अंडर-14 वर्ग में यथार्थ रात्रे, झलक ध्रुव (पब्लिक स्कूल तुमगांव), भूमि यादव (पीएम श्री तुमगांव) और रजनी खड़िया (मिडिल स्कूल तुसदा) का चयन हुआ है। खास बात यह है कि अजय साहू पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। वे ग्वालियर, पटना और गांधीनगर में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं, जिससे टीम को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा। जिले के खिलाड़ियों के इस चयन से न केवल महासमुंद बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ा है। खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
