कांग्रेस भवन बना अखाड़ा: पदाधिकारियों के बीच विवाद, कुर्सियां टूटीं, उपाध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज
महासमुंद। शहर के कांग्रेस भवन में गुरुवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। घटना दोपहर करीब 3:30 बजे हुई, जब महंगाई पर आयोजित पत्रकार वार्ता समाप्त हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष और वार्ड नंबर 28 के पार्षद विजय साव ने पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और शहर कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष निर्मल जैन से सवाल-जवाब शुरू किए। साव ने आरोप लगाया कि पार्टी पदाधिकारियों को सूचना ठीक से नहीं दी गई थी।
यह बहस जल्द ही तीखी नोकझोंक में बदल गई और फिर हाथापाई तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों के बीच जमकर मारपीट हुई। गुस्से में आकर प्लास्टिक की कुर्सियां फेंकी गईं, जिससे कई कुर्सियां टूट गईं और कांच के गिलास भी चकनाचूर हो गए। मारपीट में तीनों के कपड़े भी फट गए।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर मौजूद अन्य नेताओं को बीच-बचाव करना पड़ा। हालांकि, माहौल शांत नहीं हुआ। आखिरकार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष और खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव को पुलिस बुलानी पड़ी। सिटी कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
बताया गया कि पुलिस ने विजय साव को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वे कांग्रेस भवन छोड़ने को तैयार नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें भवन से बाहर निकाला। इस घटना से नाराज कांग्रेस नेताओं ने विजय साव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का फैसला किया है। सभी नेता सिटी कोतवाली की ओर रवाना हो गए हैं। बता दें कि, सप्ताह भर पहले जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष ने संगठन का विस्तार किया था। इस दौरान विजय साव को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया था।
