मिनी स्टेडियम सुकमा में 28 और 29 को मेगा सुपरस्पेशलिटी हेल्थ कैंप

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम करेगी मरीजों की जांच
शिविर में शामिल हर मरीज को मिलेगा निःशुल्क इलाज और मुफ्त दवा
सुकमा, 25 मार्च 2026/जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए 28 और 29 मार्च को मिनी स्टेडियम में जिलास्तरीय “मेगा सुपरस्पेशलिटी हेल्थ कैंप” का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्टर अमित कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी असुविधा के बेहतर उपचार मिलना चाहिए। उन्होंने शिविर की सफलता के लिए विभागवार जिम्मेदारियाँ भी तय कीं।
नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस दो दिवसीय शिविर में देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों के अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम अपनी सेवाएं देगी। प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शुरू होने वाले इस शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, पेट संबंधी रोग, किडनी, कैंसर, बाल रोग एवं श्वास रोग जैसे गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगे।
इस शिविर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श और दवाइयों का वितरण पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के वे लोग, जो अब तक बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से वंचित थे, सीधे लाभान्वित होंगे।
जिला प्रशासन का यह प्रयास न केवल समय पर रोगों की पहचान सुनिश्चित करेगा, बल्कि गंभीर मरीजों के लिए आगे के उपचार का मार्ग भी प्रशस्त करेगा। प्रशासन और पुलिस विभाग ने जिले के अधिक से अधिक नागरिकों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। इस अवसर पर जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर, एडिशनल एसपी अभिषेक वर्मा तथा अन्य जिलाधिकारी उपस्थित थे।