पिथौरा का पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास बना समग्र विकास का आदर्श केंद्र
महासमुंद। विकासखंड पिथौरा स्थित पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास आज केवल रहने और पढ़ने का स्थान नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मनिर्भरता और समग्र विकास का एक प्रेरणादायक केंद्र बनकर उभर रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद यहां का सुव्यवस्थित वातावरण छात्राओं के वर्तमान को संवारने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रहा है।
छात्रावास की दिनचर्या अनुशासन और नियमितता का उत्कृष्ट उदाहरण है। सुबह प्रार्थना, योग और व्यायाम से दिन की शुरुआत होती है, इसके बाद समय पर नाश्ता और कक्षाओं के लिए प्रस्थान। शाम को खेलकूद, सामूहिक स्वाध्ययन और निर्धारित समय पर विश्राम यह संतुलित दिनचर्या छात्राओं के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को समान रूप से सुदृढ़ कर रही है।
यहां अनुशासन केवल नियमों तक सीमित नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बन चुका है, जो छात्राओं के व्यक्तित्व को चारों आयामों, बुद्धि, शरीर, चरित्र और सामाजिक व्यवहार में निखार रहा है। सामूहिक अध्ययन और सीमित संसाधनों में सीखने की प्रक्रिया ने उन्हें संसाधनों का बेहतर उपयोग करना सिखाया है।
छात्रावास परिसर की साफ-सफाई, बागवानी और किचन गार्डन जैसे कार्यों में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी उनके भीतर जिम्मेदारी, सहयोग और नेतृत्व जैसे गुणों को स्वाभाविक रूप से विकसित कर रही है। वहीं, दैनिक दिनचर्या में समाचार पत्रों का अध्ययन शामिल होने से उनकी बौद्धिक क्षमता और जागरूकता भी बढ़ रही है।
समय-समय पर आयोजित रंगोली, मेहंदी, कविता, पेंटिंग, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने का भरपूर अवसर मिल रहा है। कैरियर काउंसलिंग सत्र उनके लिए मार्गदर्शक साबित हो रहे हैं, जिससे वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप सही दिशा का चयन कर पा रही हैं और उनका आत्मविश्वास निरंतर बढ़ रहा है।
छात्रावास में छोटे-छोटे त्योहारों का सामूहिक आयोजन और प्रत्येक छात्रा का जन्मदिन मनाने की परंपरा आपसी आत्मीयता और अपनत्व को मजबूत करती है। यह सकारात्मक वातावरण उन्हें मानसिक रूप से प्रसन्न और भावनात्मक रूप से सशक्त बना रहा है।
छात्राओं की उपलब्धियाँ इस सशक्त माहौल का जीवंत प्रमाण हैं। ऋतु ठाकुर के नेतृत्व में छात्रावास की टीम ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता में ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला स्तरीय फाइनल में जगह बनाई है। वहीं कबड्डी प्रतियोगिता में भी टीम ने ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अन्य छात्राएँ भी विभिन्न स्कूल और कॉलेज स्तरीय प्रतियोगिताओं में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
‘प्रोजेक्ट संकल्प’ के अंतर्गत आयोजित कार्यशालाओं ने छात्रावास के वातावरण को और अधिक सकारात्मक बनाया है। संवाद, कहानियों और प्रेरक गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं ने सुनने, समझने और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने की कला विकसित की है। अब वे अपने जीवन के प्रति अधिक सजग और जिम्मेदार बनते हुए नई ऊर्जा के साथ अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर हैं।
पिथौरा का यह छात्रावास आज एक ऐसे मॉडल के रूप में सामने आ रहा है, जहाँ शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का समन्वय छात्राओं को सशक्त भविष्य की ओर ले जा रहा है।
