श्रीरामनवमी में होगा भव्य आयोजन, हनुमान चालीसा का सवा करोड़ जाप
महासमुंद। श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर शहर के कचहरी चौक स्थित सिद्ध श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में इस वर्ष भी भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति द्वारा 27 मार्च 2026 को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।
मंदिर समिति के भरत सिंह ठाकुर (अधिवक्ता) ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे हवन-पूजन और ध्वजारोहण से होगी। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे श्रीराम जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें आरती, पंचरी प्रसाद वितरण और आतिशबाजी भी शामिल है।
विशेष आकर्षण के रूप में शाम 7 बजे से रात 8 बजे तक श्री हनुमान चालीसा का सवा करोड़ जाप किया जाएगा। यह आयोजन न केवल भारत, बल्कि विश्व स्तर पर एक ही समय में किया जाता है। इस वर्ष यह आयोजन मंदिर समिति द्वारा 18वें वर्ष और 18वें अनुष्ठान के रूप में किया जा रहा है। सामूहिक महापाठ का आयोजन बाबा रामदेव म्यूजिकल ग्रुप महासमुंद के माध्यम से किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर महाआरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा तय करने के लिए मंदिर समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुशील चंद्राकर, संतोष शुक्ला, चंद्रशेखर साहू, सुरेन्द्र स्वामी, जगमोहन चंद्राकर, बद्रीप्रसाद माहेश्वरी, सत्यनारायण तिवारी, भूपेंद्र चंद्राकर, भरत सिंह ठाकुर, अनुप उपासे, सौरभ बाफना, संजय साहू, प्रशांत श्रीवास्तव, कुलवंत सिंह बंटी, हेमंत साहू, घनश्याम सोनी, जितेंद्र एडिकार, धर्म भार्गव, धीरेन्द्र लोनारे, अजय साहू, मदन प्रकाश शर्मा, पुजारी कुंदन वैष्णव सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। मंदिर समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन अवसर पर पुण्य लाभ अर्जित करें।
