गैस रिफिलिंग की अवैध अड्डे में पुलिस का छापा, आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बागबाहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गैस रिफिलिंग के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई पुलिस के “शिकायत हेल्प डेस्क संवाद” व्हाट्सएप नंबर पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राजकुमार पटेल (38), निवासी वार्ड नंबर 2, झलप चौक बागबाहरा, घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी में संलिप्त था। सूचना मिलते ही पुलिस ने दबिश देकर मौके से गैस सिलेंडर, रिफिलिंग पाइप, इलेक्ट्रिक तौल मशीन सहित अन्य उपकरण जब्त किए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 3 एवं 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीएनएस की धारा 288 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
कार्रवाई के दौरान 7 खाली गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण (कीमत लगभग 9,000 रुपये), एक इक्को वाहन (कीमत 3 लाख रुपये) तथा एक मारुति वेगनार कार (कीमत 5 लाख रुपये) जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि वे “संवाद” व्हाट्सएप नंबर 9479229939 को अपने मोबाइल में सेव करें और अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना साझा करें। सूचना देने वाले का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। गुप्त सूचना के लिए ‘1’ और शिकायत दर्ज कराने के लिए ‘2’ विकल्प चुन सकते हैं।
