विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
सड़क, बिजली, पानी से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा तक योजनाओं की गहन समीक्षा
बीजापुर 24 मार्च 2026- जिले में विकास कार्यों को तेज गति देने के लिए कलेक्टर संबित मिश्रा ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सड़क, बिजली, पानी, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और नक्सल पीड़ित परिवारों पर विशेष फोकस करते हुए कहा कि आत्मसमर्पित नक्सलियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने हेतु आवश्यक दस्तावेज सरलता से उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही नियद नेल्लानार क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास और हितग्राही मूलक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
बैठक में आश्रम छात्रावास एवं आवासीय शैक्षणिक संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों को भोजन, स्वच्छता और स्वास्थ्य जांच की सतत रिपोर्टिंग करने को कहा गया। वहीं बालिका आवासीय विद्यालयों में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सीसीटीव्ही कैमरे और बाउंड्री वॉल अनिवार्य करने तथा जहां यह सुविधा उपलब्ध नहीं है वहां तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि जिले के सभी विकासखंडों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निर्धारित तिथियों में जांच एवं उपचार किया जा रहा है। कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ, बीआर पुजारी को निर्देशित किया कि विशेषज्ञों की उपस्थिति की जानकारी समयपूर्व संबंधित क्षेत्रों तक पहुंचाई जाए ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इसका लाभ ले सकें।
बैठक में डीएफओ रमेश कुमार जांगड़े, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
