प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या, 6 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले के थाना बसना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंद्रपुर में हुई 21 वर्षीय युवती की हत्या का पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शादी के वादे से मुकरने और सामाजिक बदनामी के डर से आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 की सुबह ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने सूचना दी कि उसकी पुत्री पुष्पा अजगल्ले (21 वर्ष), जो जन्म से मूकबधिर थी, का शव घर से लगभग 150 मीटर दूर एक खेत में लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ है। मृतिका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट के निशान पाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। मौके पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाकर जांच की गई तथा अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के पिता से अहम जानकारी मिली, जिसके आधार पर गांव के ही लोकनाथ पटेल (27 वर्ष) को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने पुष्पा को शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए थे, जिससे वह गर्भवती हो गई थी। इसके बाद वह लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी। बदनामी के डर से आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
घटना की रात 23 मार्च को आरोपी ने युवती को बहाने से खेत में बुलाया, जहां विवाद के बाद उसने पास पड़े पत्थर से सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।