नशीली दवाओं की तस्करी करते 3 गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोडा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशीली कप सिरप और टेबलेट की तस्करी करते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (सीजी 06 जीएन 9588) को रोका गया। वाहन की जांच करने पर आरोपियों के पास से 21 नग कोडीन युक्त कफ सिरप और नशीली दवा नाइट्राजेपाम टेबलेट बरामद की गई।
इस दौरान मौके से मुरारी लाल नायक (26) और ललित पटेल (40), दोनों निवासी बोईरमाल थाना सिंघोडा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि ये नशीली दवाएं ओडिशा के कोडोपाली से महासमुंद लायी जा रही थीं। मामले में तीसरे आरोपी अक्षय उर्फ मंगलु रात्रे (28) निवासी सिंघोडा को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 24,231 रुपये मूल्य की नशीली दवाएं और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है।
