रोजगार उपलब्ध कराने 11- 12 को प्लेसमेंट कैम्प
महासमुंद। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र महासमुंद द्वारा शिक्षित स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 11- 12 फरवरी को प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह कैम्प युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि 11 फरवरी को रोजगार कार्यालय परिसर, मचेवा (महासमुंद) में तथा 12 फरवरी को जनपद पंचायत बागबाहरा में प्रात: 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्लेसमेंट कैम्प आयोजित होगा। कैम्प में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। एसपीएसजी सिक्योरिटी, रायपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड के 150 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 12 हजार से 19 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा। इसी प्रकार स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर द्वारा फील्ड ऑफिसर एवं कलेक्शन ऑफिसर के 40 पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिनके लिए प्रतिमाह लगभग 12200 रुपये वेतनमान निर्धारित है। जिला रोजगार कार्यालय ने सभी इच्छुक और योग्य युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर अपनी शैक्षणिक योग्यता के प्रमाणपत्रों की छायाप्रति के साथ उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
