दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहायक उपकरण सशक्त माध्यम: केशव

जनपद पंचायत अध्यक्ष ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण किया
महासमुंद। बागबाहरा जनपद पंचायत कार्यालय में दिव्यांगजनों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने दिव्यांग हितग्राहियों को आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए।
श्री चंद्राकर ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए यह आवश्यक है कि हर वर्ग के साथ-साथ दिव्यांगजनों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केवल सहायता नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि इन उपकरणों से दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन, शैक्षणिक गतिविधियों और सामाजिक सहभागिता में सहजता आएगी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को उपकरण प्रदान कर उनकी शारीरिक सीमाओं को कम करने और उन्हें सामान्य जीवन के करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिव्यांगजनों की जीवन गुणवत्ता में सुधार करना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर दिव्यांगजनों को पांच ट्राइसिकल, पांच व्हीलचेयर, पांच श्रवण यंत्र तथा एक वॉकर प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने उपस्थित जनसमूह को ‘विकसित भारत का मंत्र भारत हो नशे से स्वतंत्र’ का संदेश देते हुए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथियों में जनपद सीईओ मनहरन लाल मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार, सभापति लता पाड़े, जनपद सदस्य राहुल चंद्राकर, जुनवानीकला के सरपंच नरेंद्र ठाकुर, पूर्व सरपंच रिंकू चेतन चंद्राकर, मुबारक खान, समाज कल्याण विभाग महासमुंद से अनिल कोसरिया, समाज शिक्षा संगठक मानसिंह बरिहा, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी लखन साहू, एडीईओ एकलदेव निषाद सहित बड़ी संख्या में हितग्राही एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।