सुरक्षित संपन्न हुआ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का भव्य आयोजन

एमसीबी/10 फरवरी 2026/ मां महामाया मंदिर परिसर, चनवारीडांड खड़गवां में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम प्रशासन के सजगता, मानवीय संवेदना और सामाजिक दायित्व का अनुकरणीय उदाहरण बनकर सामने आया। एक ओर जहां यह आयोजन गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए खुशियों का पर्व बना, वहीं दूसरी ओर विषम परिस्थितियों में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता ने जनकल्याण के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को मजबूती से उजागर किया।
भरतपुर परियोजना से चयनित 54 जोड़े अपने परिजनों के साथ 9 फरवरी की सायं तीन बसों के माध्यम से जनकपुर से विवाह स्थल के लिए रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान नागपुर-चिरमिरी मोड़ के समीप एक बस के असंतुलित होकर गड्ढे में चले जाने से कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया और बिना किसी विलंब के सभी यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
उसी रात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नागपुर में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। अधिक दर्द अथवा चोट की शिकायत वाले 11 यात्रियों को एहतियातन जिला अस्पताल चिरमिरी ले जाकर एक्स-रे सहित समुचित उपचार एवं चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई। एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के हाथ में प्लास्टर किया गया, जबकि तीन वधु एवं दो वर को सावधानीवश रातभर चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया।
डॉक्टरों की सलाह और उपचार के पश्चात सभी हितग्राहियों को पूर्णतः सुरक्षित 10 फरवरी की सुबह विवाह स्थल लाया गया। इसके बाद पूरे विधि-विधान, गरिमा और उल्लास के साथ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत सभी 54 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। दुर्घटना से प्रभावित दो वधु और दो वर भी इस पावन अवसर के साक्षी बने और उनका विवाह भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिससे पूरे आयोजन में भावनात्मक संतोष और खुशी का माहौल बना रहा।
विवाह कार्यक्रम के समापन के पश्चात सायं 4:30 बजे सभी 54 नवविवाहित जोड़ों को तीन बसों के माध्यम से सुरक्षित रूप से जनकपुर के लिए रवाना किया गया। पूरे आयोजन के दौरान जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आयोजन टीम के बीच बेहतर समन्वय और सतत निगरानी देखने को मिली।
यह आयोजन न केवल मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की सामाजिक सरोकारों से जुड़ी सोच और गरीब हितग्राहियों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि यह भी प्रमाणित करता है कि किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में मानवीय दृष्टिकोण, त्वरित निर्णय और प्रशासन के सजगता के साथ जनहित के कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा सकता है।