सूरजपुर जिले में 10 से 25 फरवरी तक राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान
सूरजपुर/05 फरवरी 2026/ भारत सरकार द्वारा वर्ष 2027 तक देश को फाइलेरिया मुक्त करने के लक्ष्य के तहत राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत जिले में 10 से 25 फरवरी 2026 तक सामूहिक दवा सेवन (Mass Drug Administration–MDA/IDA) अभियान चलाया जाएगा।
फाइलेरिया उन्मूलन की प्रमुख गतिविधियों में सामूहिक दवा सेवन अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी क्रम में जिला सूरजपुर के तीन विकासखंड सूरजपुर, रामानुजनगर एवं प्रेमनगर में आईडीए पद्धति के अंतर्गत आइवरमेक्टिन, डीईसी एवं एल्बेंडाजोल की दवाएं व्यक्तियों को खिलाई जाएंगी।
अभियान के दौरान सभी योग्य लाभार्थियों को डायरेक्ट ऑब्जर्वेशन थेरेपी (डीओटी) पद्धति के अनुरूप अपने समक्ष दवा का सेवन कराया जाएगा। दवा का सेवन खाली पेट नहीं किया जाएगा। दो वर्ष से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी।
दिनांक 10 से 12 फरवरी 2026 तक आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में बूथ लगाकर दवा सेवन कराया जाएगा। 13 से 22 फरवरी 2026 तक दवा प्रशासकों द्वारा समुदाय स्तर पर घर-घर भ्रमण कर दवा खिलाई जाएगी। 23 से 25 फरवरी 2026 तक छूटे हुए लाभार्थियों को मॉप-अप राउंड के अंतर्गत दवा सेवन कराया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक जन-जागरूकता के लिए नगर पालिका, शिक्षा विभाग, खाद्य विभाग, पंचायत विभाग, पुलिस विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं कृषि विभाग सहित अन्य विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही सभी धर्म गुरुओं से भी अपने अनुयायियों को सामूहिक दवा सेवन के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया गया है।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहभागिता कर दवा का सेवन सुनिश्चित करें, जिससे जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।
