पारदर्शी धान खरीदी, किसानों का मजबूत हुआ भरोसा
जिले 27 उपार्जन केन्द्रों में 6 लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदी, 20 हजार 500 क्विंटल धान का हुआ उठाव
मोहला 16 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी और किसान-हितैषी बनाया गया है। सरकार की इसी दूरदर्शी नीति का सकारात्मक प्रभाव जिले में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है, जहाँ धान खरीदी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संचालित हो रही है।
जिले में स्थापित 27 खरीदी केंद्रों के माध्यम से अब तक 6 लाख 22 हजार 851 क्विंटल धान की खरीदी हुई हैं वही लगभग 20 हजार 500 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है। यह उपलब्धि प्रशासन सहकारी समितियों और किसानों के आपसी समन्वय का परिणाम है। जिससे सभी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहें हैं।
किसानों को सुविधाओं के मद्देनजर खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे किसानों को समय पर धान बेचने का अवसर मिल रहा है। डिजिटल तौल, त्वरित रसीद वितरण और पारदर्शी भुगतान प्रणाली ने किसानों का भरोसा शासन के प्रति मजबूत किया है। किसानों ने कहा कि इस वर्ष धान खरीदी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक रही है। ग्राम संगली निवासी किसान राघुनाथ ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सफल धान खरीदी न केवल किसानों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ कर रही है, बल्कि शासन के प्रति भरोसा भी बढ़ा रहा है।
