उपसंचालक के पद पर पदोन्नत हुईं मीनाक्षी साहू
कार्यकाल के दौरान अवैध उत्खनन पर की गई सख्त कार्यवाही और 100 प्रतिशत हुई राजस्व वसूली
बालोद, 12 दिसंबर 2025/ जिले के खनिज विभाग में पदस्थ श्रीमती मीनाक्षी साहू को खनिज संसाधन विभाग मंत्रालय नवा रायपुर द्वारा उपसंचालक (खनिज प्रशासन) के पद पर पदोन्नत किया गया है। चूंकि बालोद जिले के विभागीय सेटअप में ’उपसंचालक’ का पद स्वीकृत नहीं है, इसलिए नियमानुसार उन्हें संचालनालय भौमिकी तथा खनिकर्म, नया रायपुर में नवीन पदस्थापना दी गई है। यह स्थानांतरण पूर्णतः पदोन्नति नीति के तहत किया गया है।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमती साहू ने अपनी पदस्थापना से लगातार 03 वर्षों तक शासन द्वारा निर्धारित खनिज राजस्व लक्ष्य को 100 प्रतिशत हासिल किया, जिससे बालोद राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल रहा। उन्होंने अवैध गतिविधियों पर कार्यवाहीरू वर्ष 2025-26 में उन्होंने अवैध उत्खनन के 19, अवैध परिवहन के 62 और अवैध भंडारण के 06 मामलों में सख्त कार्यवाही की। इसके तहत कुल 33,93,420 रुपये का जुर्माना वसूल कर शासन के कोष में जमा कराया गया। श्रीमती मीनाक्षी साहू को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए इसी वर्ष 26 जनवरी 2025 (गणतंत्र दिवस) के अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान उनके कार्य के प्रति समर्पण और शासन-प्रशासन के निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन का प्रमाण है।
