सतनाम संदेश यात्रा में शामिल होने मंत्री गुरु खुशवंत को दिया आमंत्रण

महासमुंद। सतनामी समाज द्वारा 13 दिसंबर को निकाली जा रही सतनाम संदेश यात्रा एवं सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर केबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से समाज के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की। जिसमें गुरु खुशवंत साहेब ने शाम 4 बजे सम्मान समारोह में पहुंचने का आश्वासन दिया है। सतनाम संदेश यात्रा 13 दिसंबर को नगर के हृदय स्थल गुरु घासीदास वार्ड के जैतखाम से 12 बजे आरती वंदन कर लोहिया चौक से मुख्य मार्ग बस स्टैंड दादा बाड़ा से अंबेडकर चौक पहुंचेगी। जहां बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नेहरू चौक, बरोंडा चौक होते हुए तीन बजे शंकराचार्य भवन में समापन होगी। दोपहर में दसवीं बारहवीं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के साथ महिला समूह व समाज के सात रत्नों का सम्मान प्रदेश पदाधिकारियों व समाज के प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। सतनाम संदेश यात्रा में मुंगेली व बाहनाकाड़ी के अखाड़ा दल का शौर्य प्रदर्शन प्रमुख आकर्षण होगा। यात्रा अलग – अलग जगह के पांच पंथी दल व आरंग की धुमाल पार्टी के साथ निकलेगी। जिलाध्यक्ष विजय बंजारे व ब्लॉक अध्यक्ष चित्र कुमार भारती ने समाज के लोगों से सतनाम संदेश यात्रा में अधिकतम संख्या में श्वेत वस्त्र धारण कर शामिल होने की अपील की है।