धरातल पर नजर आए योजनाओं के क्रियान्वयन का परिणाम : मुकुन्द ठाकुर

नियद नेल्ला नार क्षेत्र अंतर्गत विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा
सुकमा, 10 दिसम्बर 2025/जिले के नियद नेल्ला नार क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों और शासन की योजनाओं की प्रगति पर कलेक्टर  देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में सीईओ जिला पंचायत  मुकुन्द ठाकुर ने सचिवों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। सीईओ जिला पंचायत श्री ठाकुर ने कहा कि शासन की मंशानुरूप नियद नेल्ला नार क्षेत्र प्राथमिकता में है, इसलिए सभी विभाग कार्ययोजना तैयार कर शत-प्रतिशत लाभ दिलाने की दिशा में तेजी से कार्य करें। सचिवों को मैदानी निरीक्षण करने पर जोर देते हुए सीईओ श्री ठाकुर ने कहा कि विभागीय योजनाओं का परिणाम धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
प्रगतिरत कार्यों को गुणवत्तापूर्वक और समयसीमा में  कराएं पूर्ण
सीईओ श्री ठाकुर ने पीडीएस, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, स्कूल भवन तथा आंगनवाड़ी भवन निर्माण जैसे सभी प्रमुख अवसंरचनात्मक कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां भी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने बताया कि पंचायतों को राशि प्राप्त हो चुकी है, इसलिए निर्माण में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी नियमित निरीक्षण कर प्रगतिरत कार्यों को गुणवत्तापूर्वक और समयसीमा में पूर्ण कराएं। बैठक में यह भी निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव अभी लंबित हैं, वे शीघ्र भेजें, ताकि शासन की सभी योजनाओं का लाभ आमजनों तक समय पर पहुंच सके। सीईओ ठाकुर ने भवन निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन का कार्य तुरंत पूरा करने के निर्देश दिए।
सभी भुगतान पूर्णतरू डीबीटी के माध्यम से करना सुनिश्चित करें
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान सीईओ ने कहा कि सभी सचिव आवास निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने हितग्राहियों को राशि प्राप्ति के बाद शीघ्र आवास निर्माण हेतु प्रोत्साहित करने को कहा, ताकि सभी भवन समय पर पूर्ण हो सकें।
मनरेगा की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि सभी मजदूरी एवं भुगतान पूर्णतरू डीबीटी के माध्यम से ही सुनिश्चित किए जाएं। सीईओ श्री ठाकुर ने कहा कि जिले में चल रहे सभी विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता व पारदर्शिता के साथ समयसीमा में पूर्ण किया जाना अनिवार्य है, ताकि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाएं आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सकें।
समग्र विकास योजना, जिला निधि और अन्य योजनाओं की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई। सीईओ ने निर्मला घाट, चौक सौंदर्यीकरण एवं व्यावसायिक परिसर निर्माण जैसे प्रमुख कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिला पंचायत विकास निधि, आरजीएसए तथा एसबीएम के अंतर्गत ग्राम-वार प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी सचिवों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्वीकृति हेतु आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने को कहा। साथ ही, जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम स्वच्छता समिति को हैंडओवर किए जा चुके ग्रामों में न्यूनतम उपयोग शुल्क सुनिश्चित रूप से लेने के निर्देश दिए।