वन मंत्री ने ली बैठक, योजनाओं व निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा

कोण्डागांव, 27 नवंबर 2025। वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा सहकारिता विभाग के मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री श्री कश्यप ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुदूर अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, एसपी श्री पंकज चन्द्रा और डीएफओ श्री चूड़ामणि सिंह भी उपस्थित रहे।

बैठक में मंत्री श्री कश्यप ने दूरस्थ क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक सुविधाओं और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती माताओं और कुपोषित बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की दिशा में गंभीरता से कार्य करने पर भी जोर दिया। साथ ही विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण हों और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। मंत्री श्री कश्यप ने सभी ग्राम पंचायतों को विकासखण्ड मुख्यालय से जोड़ने के लिए योजनाबद्ध रूप से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक गांव तक आवश्यक सेवाएं सुगमता से पहुंच सकें। साथ ही श्रम पंजीयन में प्रगति के लिए गांव-गांव में शिविर लगाने और ग्रामीणों को पशुपालन, दुग्ध उत्पादन एवं मत्स्यपालन जैसी गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर बल दिया।

बैठक में धान खरीदी की प्रगति, किसानों के पंजीयन की स्थिति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, मॉडल आंगनबाड़ी, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और कर्मयोगी अभियान सहित शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।