21 उपार्जन केन्द्रों में 15 से धान खरीदी, अवैध धान रोकने चेकपोस्ट
कोरिया 10 नवम्बर 2025। 15 नवम्बर से कोरिया जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होंगी। धान खरीदी के दौरान बाहरी जिलों एवं राज्यों से अवैध धान की आवक को रोकने जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सीमावर्ती मार्गों पर चेकपोस्ट दल तैनात कर दिए हैं। यह आशंका जताई गई है कि धान खरीदी केन्द्रों में अवांछित व्यक्तियों द्वारा अन्य क्षेत्रों से धान लाकर खपाने का प्रयास हो सकता है। इस रोकथाम के लिए डुमरिया, टेंगनी, नगर, सुरमी चौक एवं गोईनी में 24 घंटे तीन पालियों में निगरानी की व्यवस्था की गई है। इन चेकपोस्ट का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुण्ठपुर श्री उमेश कुमार पटेल तथा गोईनी में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोनहत श्री अंशुल वर्मा करेंगे। दल में वन विभाग, पुलिस, नगर सैनिक एवं कोटवारों को शामिल कर संयुक्त बल तैयार किया गया है। सभी दलों को बाहरी धान के परिवहन पर रोक लगाते हुए आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी के साथ, जिले के संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों में समिति प्रबंधक के साथ संयुक्त रूप से वित्तीय प्रशासकीय प्रबंधन हेतु अधिकारियों को आहरण एवं संवितरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। जामपारा, झरनापारा, पटना, गिरजापुर, सरभोंका एवं बैमा सहित अन्य केंद्रों पर संबंधित अधिकारी समिति स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। इसके अतिरिक्त जिले के 21 धान उपार्जन केन्द्रों में सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के निरीक्षण, मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग के लिए विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
