अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत
महासमुंद। नेशनल हाईवे 53 फोरलेन पर मंगलवार रात 9 बजे एक सड़क हादसा में एक युवक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ललित ढीढी (28) मंगलवार रात बाइक (बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना) से ससुराल भजपुरी जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोरलेन में बल्दीडीह क्रॉसिंग से पहले लोहराकोट गांव की सीमा पर रात लगभग 9 बजे अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से रौंद दिया। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी राहगीरों ने पुलिस 112 एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की 1033 एंबुलेंस को दी। ललित ढीढी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सांकरा ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे। देर रात होने के कारण शव का पोस्टमार्टम बुधवार को किया गया। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
