सीईओ ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर जिले के नगरीय निकायों में अंगीकार अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा

बालोद, 13 सितंबर 2025/ कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी ने आज जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत नगरीय निकायों मे अंगीकार अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अंगीकार अभियान के उद्देशयों की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 हेतु जागरूकता बढ़ाने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने हितग्राहियों को प्रेरित कर अंगीकार अभियान के अंतर्गत पूर्व मे स्वीकृत आवासो को पूरा कराने के निर्देश भी दिए। श्री चंद्रवंशी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को पूर्व मे पूर्ण आवासों मे प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ पहुचाने तथा नवीन पूर्ण आवासों मे संबंधित हितग्राहियों को गृह प्रवेश करवाने के विभिन्न निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सरकारी योजनाओ के लाभार्थियों से संवाद स्थापित करने तथा सितंबर एवं अक्टूबर माह को आवास माह के रूप मे मनाने के भी निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा 04 सितंबर से 31 अक्टूबर 2025 तक अंगीकार 2025 अभियान के शुभारंभ करने हेतु आदेशित किया गया है ।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी बालोद मोबीन अली ने बताया कि अंगीकार योजना का लाभ प्रत्येक वर्गों तक पहुचाने हेतु जिले के सभी नगरीय निकायों द्वारा आवास मेला का आयोजन किया जाएगा। इस आवास मेला मे आवास प्राप्त करने के इच्छुक हितग्राहियों को त्वरित लाभ पहुचाने हेतु कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके संबंध मे सभी नगरीय निकायों मे शीघ्र प्रचार प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा सभी नगरीय निकायों मे हेल्प डेस्क स्थापित कर योजना का समुचित क्रियान्वयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पँहुचे इसके लिए निकाय स्तर पर नोडल नियुक्त कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाएगी ।