महानदी पुल के दोनों ओर यातायात व्यवस्थित करने हटाया गया अवैध कब्जा

महासमुंद। नेशनल हाईवे 53 महानदी पुल के दोनों ओर अवैध रूप से कब्जा कर दूकान संचालित करने वालों के खिलाफ बुधवार को प्रशासन और राजमार्ग प्राधिकरण व टोल प्रबंधन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर सड़क को कब्जा मुक्त कराया। सड़क से कब्जा हटाए जाने के बाद से पुल पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त किया गया है। टोल प्रबंधक मनोज तिवारी ने बताया कि पुल के पास किए गए कब्जे को हटाने के लिए प्रशासन से लगातार पत्र व्यवहार व शिकायत की जा रही थी। प्रशासन को समस्या और वस्तुस्थिति से भी अवगत कराया गया जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया और बुधवार को संयुक्त टीम बनाकर सड़क को कब्जा मुक्त कराया। ज्ञात हो कि एनएचएआई 53 महानदी पुल के पास लंबे समय से सड़क के दोनों ओर आसपास के कुछ ग्रामीणों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर फल, सब्जी और अन्य दुकानें संचालित की जा रहीं थी। इन दुकानों की वजह से ग्राहकों के द्वारा वाहनों को सड़क पर बेतरतीब खड़ी कर दिए जाने से सड़क संकरा हो जाता था और हमेशा हादसे की संभावना बनी रहती थी। कुछ माह पूर्व एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई थी और बड़ा हादसा होते-होते रह गया था। हालांकि कार में सवार यात्री घायल हो गए थे। कार्रवाई के दौरान ऑपरेशन मैनेजर पवन प्रशांत सिंह, सेफ्टी मैनेजर उमाशंकर, मैनेजमेंट मैनेजर सिकंदर, आरंग तहसीलदार व बड़ी संख्या में पुलिस बल और एनएचआई के कर्मचारी उपस्थित थे।
टोल ने अवैध कब्जा हटाने कई बार किया प्रयास
बीएसपीसीएल के टोल प्रबंधक ने पुल के पास दोनों ओर लंबे समय से कब्जा कर मार्ग बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रशासन से मौखिक व लिखित शिकायत की थी। सड़क को कब्जा मुक्त करने टोल प्रबंधन के प्रयास को प्रशासनिक सहयोग न मिलने से सफलता नहीं मिल पाई। पर प्रबंधन ने कब्जा मुक्त करने का प्रयास जारी रखा और अंतत: आज कब्जा मुक्त कराया गया।