थाना परिसर में कांग्रेस पार्षद पर चाकू से हमला, 4 गिरफ्तार
महासमुंद। मौहारीभाठा में बीती रात हुई लड़ाई झगडे की रिपोर्ट दर्ज कराने सिटी कोतवाली पहुंचे वार्ड नंबर 28 के कांग्रेस पार्षद पर थाना परिसर में चाकू से हमला कर दिया। पुलिस हमलावर चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
महासमुंद में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद है। शुक्रवार की रात करीब बर्थडे पार्टी में दो गुटों में हुए विवाद की रिपोर्ट लिखाने मौहारीभाठा वार्ड नंबर 28 के पार्षद विजय साव अपने समर्थकों के साथ सिटी कोतवाली पहुंचे थे। तो दूसरे गुट के शकील खान, शरीफ खान, चिरंजीवी यादव और सौरभ यादव भी अपने कुछ साथियों के साथ कोतवाली पहुंच गए। इस बीच थाना परिसर में ही दोनों गुटों में तू तू मैं मैं होने लगा। बात इतनी बढ़ी कि शकील, शरीफ, चिरंजीवी और सौरभ ने कांग्रेस पार्षद विजय साव (40) के कमर के नीचे चाकू से बार कर दिया। पुलिस ने तत्काल चारों हमलावरों को हिरासत में लिया। और घायल पार्षद को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पुलिस ने चारों के खिलाफ बीएन एस की धारा 109, (3) 5 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि, कांग्रेस पार्षद की पत्नी ने शकील और शरीफ के खिलाफ 2020 में छेड़छाड़ का आरोप लगा कर जेल भेजा था। इसके बाद हालही में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनाव में शकील और शरीफ की मां ने पार्षद चुनाव लड़ी थी। इन सब कारणों से दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी। जिसके चलते बीती रात चाकू से हमला किया गया था।
