अग्निवीर थल सेना भर्ती ऑनलाइन परीक्षा की तिथियाँ और केंद्र जारी

कोण्डगाांव, 23 जून 2025/ सेना भर्ती कार्यालय रायपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार अग्निवीर थल सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। कोण्डागांव जिले के जिन उम्मीदवारों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है उनके लिए सेना भर्ती कार्यालय द्वारा कॉमन एंट्रेंस परीक्षा की तारीखें निर्धारित कर दी गई हैं।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा 30 जून से 4 जुलाई 2025 तथा 7 जुलाई से 10 जुलाई 2025 के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा पांच केंद्रों में बिलासपुर, रायपुर, भिलाई, दुर्ग और जगदलपुर में 3 शिफ्ट में संचालित किया जाएगा। अग्निवीर क्लर्क और एस.के.टी. पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए टाइपिंग टेस्ट भी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर लिया जाएगा। इसलिए, क्लर्क, एस.के.टी. के लिए दो अलग-अलग प्रवेश पत्र जारी किया गया है।
पंजीकृत उम्मीदवार अपने प्रवेश पत्र भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं।