छोटे भाई ने बड़ी बहन के सिर पर लकड़ी के गुटके से वार कर उतारा मौत के घाट

महासमुंद। पारिवारिक विवाद के कारण छोटे भाई ने अपनी बड़ी बहन के सिर पर लकड़ी के गुटके से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बहन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने हत्यारा भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में हत्या के अपराध में मृतिका के भाई को गिरफ्तार कर लिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक बसना आदर्श नगर के वार्ड नंबर 15 निवासी शबनम जौहरी ने पुलिस को बताया कि परिवार में चार बहनें और एक भाई हैं। उनका भाई सलीम उर्फ गोलू जौहरी (24) अपनी पत्नी के साथ अलग किराये पर रहता है, जबकि चारों बहनें मां के साथ अलग रहती हैं। सलीम अक्सर परिवार के ऊपर ‘मेरा ध्यान नहीं रखा जाता’ कहते हुए विवाद करता था। 17 जून की रात करीब 10.30 बजे, सलीम ने घर आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसकी बड़ी बहन सलमा जौहरी (26) ने उसे समझाने की कोशिश की तो गुस्से में आकर आंगन में रखे लकड़ी के टुकड़े को सिर पर दे मारा, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई। उन्हें तत्काल बसना के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।

इन्हें भी पढ़े