कलेक्टर ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के संबंध में प्रेसवार्ता

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत कुल 334 ग्राम का चयन
गरियाबंद 12 जून 2025/ कलेक्टर बीएस उइके ने आज धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के संबंध में अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर मीडिया प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए बताया कि धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान का शुभारम्भ 02 अक्टूबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया था। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के सर्वागीण विकास तथा अंतिम व्यक्ति को पात्रता अनुसार व्यक्तिगत लाभों से संतृप्त किया जाना है। जिले में यह अभियान 15 जून से 30 जून 2025 तक चलेगा। इसके अंतर्गत राष्ट्रव्यापी जागरूकता सह लाभ संतृप्ति शिविर का आयोजन किया जायेगा। जिसकी तैयारी जिले कर ली गई है।
कलेक्टर श्री उइके ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत कुल 334 ग्राम का चयन किया गया है। जिसमें विकासखंड-गरियाबंद अंतर्गत 126 ग्राम, मैनपुर अंतर्गत 144 ग्राम, छुरा अंतर्गत 50 ग्राम, फिंगेश्वर अंतर्गत 05 ग्राम एवं देवभोग अंतर्गत 09 ग्राम चयनित किया गया है। इन ग्रामों के ग्राम पंचायत मुख्यालयों में कुल 31 संतृप्ति शिविर का आयोजन किया जायेगा। जिसके लिए जिला अधिकारियों को शिविर हेतु नोडल अधिकारी बनाया गया है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत 17 मंत्रालयों के 25 योजनाओं से हितग्राहियों को संतृप्त किया जायेगा। जिसमें आवास, संपर्क सड़के, जल आपूर्ति, विद्युतीकरण, नई सौर उर्जा योजना और ऑफ ग्रिड सोलर, मोबाईल चिकित्सा इकाइयां आयुष्मान कार्ड, एलपीजी कनेक्शन आगंनबाड़ी केन्द्र स्थापना, छात्रावास निर्माण, पोषण वाटिकाएं, भारत नेट, स्किल इंडिया मिशन, वन धन केन्द्र, डिजिटल पहल, सतत् कृषि को बढ़ावा, मत्स्य पालन सहायता, पशुपालन, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, स्वदेश दर्शन, प्रधानमंत्री आदि आदर्श ग्राम योजना, ट्राईबल मल्टीपरपज मार्केटिंग सेंटर निर्माण, छात्रावास – आश्रम शाला अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालयों में अधोसंरचना विकास, सिकलसेल रोग के सक्षमता केन्द्र और परामर्श सहायता, वन अधिकार अधिनियम एवं सामुदायिक वन अधिकार प्रबंधन गतिविधियों हेतु सहायता, प्रकोष्ठ की स्थापना इत्यादि गतिविधियां शामिल है। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर नवीन भगत, जिला जनसर्म्पक अधिकारी हेमनाथ सिदार सहित प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।