रजिस्ट्री प्रक्रिया में टेक्नोलॉजी आधारित दस नवाचारों से नागरिकों को मिलेगी सहूलियत-कश्यप
कोण्डागांव, 28 मई 2025। वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने पंजीयन की 10 क्रांति के अंतर्गत रजिस्ट्री प्रक्रिया में टेक्नोलॉजी आधारित दस नवाचारों को बस्तर के लिए क्रांतिकारी बताते हुए इसकी जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। पंजीयन विभाग द्वारा इन नवाचारों की जानकारी देने के लिए बुधवार को जिला कार्यालय के भू-तल स्थित सभा कक्ष में आयोजित कार्यशाला में मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि यह दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है, जिसमें हमें भी आधुनिक तौर तरीकों से सुसज्जित रहना है। सरकार ने इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रजिस्ट्री कार्य को डिजिटाईजेशन के माध्यम से आधुनिक कलेवर दिया है। छत्तीसगढ़ विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और जीएसटी संग्रह में भी हमारा राज्य अब अग्रणी हो गया है। श्री कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि इस पंजीयन प्रक्रिया में दस नए बदलावों के संबंध में अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहंुचाने के लिए सभी मिलकर प्रयास करें, जिससे लोगों को इसकी जानकारी हो और लोग इसका लाभ ले सके। मंत्री श्री कश्यप ने पंजीयन प्रक्रिया में लाए गए आमूलचूल परिवर्तन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओम प्रकाश चौधरी और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा को बधाई दी।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार सभी स्तर पर डिजिटल गवर्नेस को अपना कर सुशासन स्थापना की दिशा में कार्य करते हुए शासकीय काम-काज में पारदर्शिता ला रही है। साथ ही शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर इनका लाभ आमजन तक समय पर पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा पंजीयन की 10 क्रांति के अंतर्गत रजिस्ट्री प्रक्रिया में टेक्नोलॉजी आधारित दस नवाचारों का शुभारंभ किया गया है। डिजिटल गवर्नेस का बेहतरीन उदाहरण इन 10 क्रांतिकारी पहल में है जो पंजीयन विभाग के माध्यम से किए गए हैं। इस अवसर पर विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि पंजीयन के क्षेत्र में नई क्रांति आई है। जिसकी जानकारी सभी को होना आवश्यक है। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने इस अवसर पर कहा कि राज्य शासन की इस पहल की व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है, जिससे जिले के नागरिक पंजीयन संबंधी सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
