मोर दुआर-साय सरकार अभियान, विधायक ने किया सर्वेक्षण पखवाड़ा का शुभारंभ
दंतेवाड़ा, 17 अप्रैल 2025। जनपद पंचायत गीदम अंतर्गत ग्राम कासोली में क्षेत्र के विधायक चैतराम अटामी द्वारा मोर आवास मोर अधिकार एवं आवास प्लस सर्वे 2.0 के अंतर्गत सर्वेक्षण पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। ज्ञात हो कि मोर आवास मोर अधिकार एवं आवास प्लस सर्वे 2.0 का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण आवास प्लस 2.0 के तहत सर्वेक्षण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की विशेष पहल पर 15 दिवसीय मोर दुआर-साय सरकार महाअभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 30 तक चलेगा। मोर दुआर-साय सरकार महाअभियान का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के ऐसे ग्रामीण परिवारों की पहचान करना है, जिन्हें अब तक किसी भी आवासीय योजना के तहत पक्का आवास नहीं मिल सका है और उन्हें पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस महाभियान में राज्य के प्रत्येक गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना प्लस 2.0 के हितग्राहियों के सर्वेक्षण का कार्य पूरा किया जाएगा, ताकि योजना अंतर्गत आवास की स्वीकृति एवं निर्माण कार्य कराया जा सके। यह महाभियान तीन चरणों में संचालित होगा। पहले चरण में 15 से 19 के बीच जिला और ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं। दूसरे चरण में 20 से 28 तक सभी ग्रामों में ग्राम सभाएं आयोजित कर घर-घर जाकर पात्र परिवारों का सर्वेक्षण किया जाएगा। तीसरे चरण में 29 और 30 को सभी सर्वेक्षणों की पुष्टि, ग्राम सभा की स्वीकृति और सत्यापन कर अंतिम रिपोर्ट तैयार कर राज्य कार्यालय को भेजी जाएगी। इसके अलावा जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में भी रंगोली के माध्यम से आवास योजना प्लस 2.0 को विशेष प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
