सुशासन तिहार का आज अंतिम दिन
समस्याओं, शिकायतों और मांगों से जुड़े आवेदन समाधान पेटी में जरूर जमा करें
कोरिया, 11 अप्रैल 2025। जिले में 8 अप्रैल से प्रारंभ हुए सुशासन तिहार का आज अंतिम दिन है। इस विशेष अभियान के तहत जिले के नागरिकों को शासन-प्रशासन से जुड़ी अपनी समस्याओं, शिकायतों और मांगों को सीधे आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है।
जिले के सभी ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों (बैकुण्ठपुर एवं सोनहत) तथा नगरीय निकायों (बैकुण्ठपुर, शिवपुर-चरचा, पटना) में समाधान शिविरों की लगाई गई है। इन शिविरों में नागरिक अपनी शिकायतें समाधान पेटियों में डालकर दर्ज करा सकते हैं, साथ ही अपने मोबाइल व कंप्यूटर में इंटरनेट चालू कर सुशासन तिहार लिखने पर लिंक खुल जाता है, जिसके माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी जमा कर सकते हैं। इस लिंक https://sushasantihar.cg.nic.in/ को क्लिक करने पर भी आवेदन जमा किया जा सकता है।
बता दें जिला प्रशासन द्वारा बुजुर्ग, दिव्यांग एवं जरूरतमंदों के लिए विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। ऐसे नागरिक, जो आवेदन करने में असमर्थ हैं, वे हेल्पलाइन नंबरों जनपद पंचायत सोनहत क्षेत्र के लिए 9691453929 और 9770318723 है तथा बैकुंठपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के लिए 7089610076 एवं 9340799216 पर सम्पर्क कर
कर सहयोग ली जा सकती है। साथ ही, सुशासन संगवारी द्वारा ऐसे लोगों की सहायता की जा रही है, जिसमें आवेदन लिखने से लेकर जमा कराने तक मदद की जा रही है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान में भाग लें और अपनी समस्याओं को समाधान शिविर में दर्ज कराएं, ताकि उन्हें नियमानुसार शीघ्र समाधान प्रदान किया जा सके।
आज, 11 अप्रैल को सुशासन तिहार का अंतिम दिवस है, अतः जो भी नागरिक अब तक आवेदन नहीं कर सके हैं, वे आज ही नजदीकी समाधान शिविर में पहुंचकर आवेदन जमा कर सकते हैं।
