दो राज्यों के पेंशनर और कुष्ठ कर्मचारियों का सम्मेलन डोंगरगढ़ में 12-13 को
महासमुंद। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के पेंशनर और सेवारत कुष्ठ कर्मचारियों का दो दिवसीय संयुक्त सम्मेलन, मिलन समारोह डोंगरगढ़ के होटल केसरी नंदन में 12-13 अप्रैल को होगा। सम्मेलन में दोनों राज्यों से लगभग 250-300 पेंशनर और कर्मचारी अधिकारी शामिल होंगे। आयोजन समिति के सदस्य प्रमोद तिवारी (महासमुंद) ने बताया कि छग प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष समेत जिले के प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों को अतिथि के लिए आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि डोंगरगढ़ में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश के सभी जिलों से कुष्ठ विभाग के पेंशनर और सेवारत कर्मचारी-अधिकारी भाग लेंगे। यह सम्मेलन 40 वर्ष पश्चात हो रहा है। कुष्ठ कर्मचारी संघ मध्यप्रदेश का प्रथम समारोह 14 अक्टूबर 1984 को आयोजित किया गया था। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का संयुक्त सम्मेलन समारोह 12-13 अप्रैल 2025 को आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन के दौरान दोनों राज्यों के पेंशनर, और सेवारत कर्मचारी अधिकारियों का आपसी मिलन, कुशल क्षेम व संवेदनात्मक पहलुओं पर चर्चा होने और साथ ही दोनों राज्यों में कुष्ठ रोग के उन्मूलन, विकृति निवारण के लिए वर्तमान आधुनिक सरलतम तरीकों पर भी चर्चा की जाएगी और कुष्ठ रोगियों की सेवा में लगे कर्मचारियों की समस्याओं के संबंध में विचार विमर्श किया जाएगा। सभी समस्याओं का निराकरण के लिए शासन स्तर पर किए गए और किए जाने वाले प्रयासों के बारे में निर्णय लिए जाएंगे। सम्मेलन में मध्यप्रदेश से आरडी गर्ग, अशोक सिंह, विजय परसाई, घनश्याम चौधरी सहित लगभग 100 सदस्य इस सम्मेलन में पहुंचेंगे।
आयोजन समिति के संयोजक आर के थवाईत एवं प्रमोद तिवारी, नेहरू शर्मा, सीके गायकवाड़, विद्याभूषण दुबे, संतोष चौहान, चितरंजन शाहा, रामलखन साहू, अविनाश शर्मा, जयंती पटेल, एचएन साहू ने दोनों राज्य के पेंशनर एवं सेवारत कुष्ठ कर्मचारी अधिकारियों से अधिकतम संख्या में शामिल होने की अपील की हैं।
