डेंगू दिवस के अवसर पर अंतर्विभागीय कार्यशाला
भोपाल । राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, भोपाल द्वारा नगर पालिक निगम सभागार में वाहक जनित रोगों के प्रसार एवं उनके नियंत्रण की गतिविधियों पर जानकारी के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के विषय विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। कार्यशाला में गांधी चिकित्सा महाविद्यालय, भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, गैस राहत चिकित्सालय, रेलवे चिकित्सालय, कस्तूरबा चिकित्सालय, बीमा अस्पताल, पंडित खुशीलाल आयुर्वेद महाविद्यालय, शासकीय होम्योपैथी चिकित्सा महाविद्यालय, हकीम सैयद जिया उल हसन यूनानी चिकित्सालय सहित स्वास्थ्य विभाग एवं निजी चिकित्सालयों के चिकित्सक शामिल हुए। इस अवसर पर डेंगू जागरूकता पोस्टर का विमोचन भी किया गया। पोस्टर परिकल्पना एंबेड परियोजना के सहयोग से की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए आयुक्त नगर निगम हरेंद्र नारायन ने कहा कि डेंगू प्रसार को रोकने के लिए सभी विभागों के साथ-साथ आमजन की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। जागरूकता के साथ – साथ निगम द्वारा समय समय पर जुर्माने की कार्यवाही भी की जाती है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. प्रभाकर तिवारी ने कहा कि मच्छरों के पनपने के स्रोत को नष्ट करना बेहद जरूरी है। डेंगू बीमारी एडीज मच्छर के काटने से होती है। इस मच्छर का लार्वा साफ पानी में पनपता है, जिसे आसानी से पहचान कर नष्ट किया जा सकता है ।
