सुशासन तिहाक, कलेक्टर ने ली की बैठक, ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय, हाट-बाजार, ब्लॉक व जिला मुख्यालय में लिए जाएंगे आवेदन
मोहला 7 अप्रैल 2025। सुशासन तिहार के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी संबंध में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में सभी विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के निर्देशानुसार जिले में सुशासन तिहार का आयोजन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आम जनता तक शासन की योजनाओं, सेवाओं और जनकल्याणकारी प्रयासों को पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने बताया कि सुशासन तिहार तीन चरणों में संपन्न होगा और सभी चरणों में विभागीय समन्वय, सजगता एवं संवेदनशीलता की आवश्यकता होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करें, ताकि आम जनता को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। बैठक में सुशासन तिहार को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री भारती चन्द्राकर, एसडीएम मानपुर अमित नाथ योगी सहित सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
