अप्रैल में तापमान बढ़ी तो 120 लाख किलो लीटर पानी की खपत संभव
अभी प्रतिदिन 80 से 85 लाख किलो लीटर की हो रही खपत
महासमुंद। तापमान बढ़ने के साथ ही पानी की खपत भी बढ़ने लगी है। शहर के 30 वार्डो में प्रतिदिन अभी 80 से 85 लाख किलो लीटर पानी की खपत हो रही है वह अप्रैल के आखिरी पखवाड़े से जून तक 110 लाख किलो लीटर से 120 लाख किलो लीटर तक पहुंचने की संभावना है। क्योंकि मौसम वैज्ञानिकों ने इस बार भीषण गर्मी की चेतावनी दी है ऐसे में पानी की खपत बढ़ना तय है।
बता दें कि शहर के 30 वार्डों में साढ़े 20 हजार से अधिक मकान हैं। जहां करीब 90 हजार आबादी निवास करती है। जिनके लिए गर्मी में पानी की समस्या न हो इसके लिए अभी तीन समय पानी मिलने से बड़ी राहत है। शहर में कुल 7 पानी टंकियां हैं जिसके माध्यम से शहर में जलापूर्ति होती है। इनमें से 2 टंकियों की क्षमता साढ़े 6 लाख किलो लीटर है। वहीं, 5 टंकियों की क्षमता साढ़े 4 लाख किलो लीटर है। शहर में इन टंकियों से 1 टाइम में 35 लाख लीटर पानी की आपूर्ति की जाती है। यानी 3 टाइम में 105 लाख किलो लीटर पानी प्रतिदिन शहरवासियों को आपूर्ति की जाती है इसके अलावा भी अनेक स्थानों से बोर से पानी टैंकरों के माध्यम से भेजा जाता है। समय के साथ ही लगातार शहर की जनसंख्या भी बढ़ रही है। चूंकि, मौसम वैज्ञानिकों ने इस बार भीषण गर्मी की चेतावनी दी है। ऐसे में पानी की सर्वाधिक खपत होना तय है। फिलहाल शहरवासियों को सुबह, दोपहर और शाम तीन टाइम पानी दिया जा रहा है जो 80 से 85 लाख किलो लीटर के आसपास है। गर्मी बढ़ने के साथ ही यह संख्या बढ़कर 110 लाख किलो लीटर से 120 लाख किलो लीटर तक पहुंच सकती है।
8 हजार से अधिक नल कनेक्शन
महासमुंद नगर पालिका प्रदेश की पहली नगर पालिका है जहां गर्मी के दिनों में तीन टाईम पानी आपूर्ति की शुरूआत हुई। शहरवासियों की सुविधाओं के लिए पिछले 3 सालों से होली त्योहार के बाद से तीन टाइम पानी दिया जाता है। इस बार भी इस परंपरा को कायम रखते हुए पालिका ने तीन टाइम पानी की आपूर्ति शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार शहर में कुल 8114 नल कनेक्शनधारी हैं। इनमें घरेलू कनेक्शन 5348 और भागीरथी नल जल के 2766 नल कनेक्शन हैं।
सार्वजनिक स्थानों पर 93 बोर और 45 हैंडपंप
इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर 93 सार्वजनिक बोर और 45 हैंडपंप हैं। जिससे शहरभर में जलापूर्ति की जाती है। नगर पालिका जल विभाग प्रभारी सीताराम तेलक ने बताया कि शहर के 30 वार्डों में फिलहाल 84 लाख लीटर पानी की खपत हो रही है। गर्मी में यह खपत 110 से 120 लाख किलो लीटर तक बढ़ सकती है। इसलिए लोगों को पेयजल संकट से राहत दिलाने तीन समय नल से 15 जून तक दिया जाता है।
