शीतला तालाब परिसर में चलाया गया स्वच्छता अभियान
उत्तर बस्तर कांकेर 21 मार्च 2025/ शहर के प्राचीन शीतला तालाब परिसर में आज स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और सभी वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर स्वच्छता अभियान में भाग लिया गया और अपनी सहभागिता निभाई। इस आशय की जानकारी देते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि आगामी 30 मार्च को शीतला मंदिर तालाब परिसर में होने वाले महा आयोजन गंगा आरती को देखते हुए एवं स्वच्छता के दृढ़ संकल्प को लेकर आज स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। उक्त स्वच्छता कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक द्वारा सभी का आभार व्यक्त करते हुए शहर को स्वच्छ रखने की अपील की। इस स्वच्छता अभियान में नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव सहित पार्षदगण एवं नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारियों सहित वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक ने भी श्रमदान किया। कार्यक्रम के अन्त में महेश जैन द्वारा उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
