नारी शक्ति से जल शक्ति अभियान- जिले में जल संरक्षण को मिलेगी नई दिशा

कोरिया 20 मार्च 2025/ जल संरक्षण को लेकर कोरिया जिले में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला पंचायत के मंथन सभा कक्ष में नारी शक्ति से जल शक्ति अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की भागीदारी से जल संरक्षण और संवर्धन को प्रभावी रूप से लागू करना है। यह अभियान बैकुंठपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत डोहडा और पोटेडांड में प्रारंभ किया जाएगा। कार्यशाला में जल संरक्षण दल का गठन कर विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारी तय की गई। इसमें कृषि एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा सरपंचों एवं रोजगार सहायकों को जल संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।
जल संरक्षण दल 20 और 21 मार्च को गांवों में भ्रमण एवं सर्वेक्षण करेगा। इसके बाद, 28 मार्च को ग्राम पंचायतों में चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित कर जल संरक्षण पर चर्चा होगी। इस अभियान की सफलता के लिए विभिन्न विभागों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जल संसाधन विभाग द्वारा दोनों पंचायतों में जल संसाधनों का सर्वेक्षण करेगा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बोरवेल के जल स्तर की जांच करेगा।बिहान की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं जल स्तर सर्वेक्षण में प्रमुख भूमिका निभाएंगी। कार्यशाला में जल संरक्षण के विभिन्न उपायों पर प्रकाश डाला गया, जिनमें डाबरी, तालाब, बांध, शोकता गड्ढा, खेतों में मेढ़ और वाटर हार्वेस्टिंग जैसी तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि जल संरक्षण को महाअभियान बनाना आवश्यक है। हमें अपनी मेहनत से जल को संजोना होगा और श्कैच द रेनश् कार्यक्रम के तहत प्रत्येक पारा-टोला में स्वयंसेवकों की नियुक्ति करनी होगी, जो इस अभियान को गति देंगे।
जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने भी जल संरक्षण को बरसात से पहले ही सुनिश्चित करने की बात कही और पंचायत प्रतिनिधियों को इसे जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस कार्यशाला में जिला पंचायत सदस्य सौभाग्यवती सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बिहान से जुड़ी महिलाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।