आने वाले 5 सालों में शहर का विकास करना है: निखिल

नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों ने लीं पद और गोपनीयता की शपथ
महासमुंद। विकास इरादों से होता है, आज से हम जनता की सेवा में हैं। हम सभी मिलकर एक नया महासमुंद बनाएंगे और शहर विकास को गति देंगे जिससे महासमुंद नगर पालिका जिले में ही नहीं, प्रदेश और देश में जाना-पहचाना जाए। जनता की मूलभूत समस्याओं, उनकी आवश्यकताओं, शहर व वार्डों के विकास के लिए जनता के विचार जानकर आने वाले पांच सालों में शहर का विकास करना है। उक्त बातें आज शंकराचार्य भवन में नवनिर्वाचित नगर पालिकाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहीं।
उन्होंने कहा कि मंच पर उपस्थित अतिथियों ने अपने उद्बोधन में जो मुझे कहा और जो अनुभव साझा किए उसका लाभ लेते हुए मैं वार्ड के सभी पार्षदों के साथ मिलकर शहर विकास में अपना पूरा योगदान दूंगा। जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे नगर की बागडोर सौंपी है उसी विश्वास के साथ मैं आप सभी को निश्चिंत करना चाहता हूं कि शहर के हर अंतिम व्यक्ति तक के घर तक मूलभूत सुविधा पहुंचेगी और उनके वार्डों का पर्याप्त विकास होगा। जो पार्षद चुनकर आए हैं चाहे वे किसी भी पार्टी से हों हम सभी दलगत राजनीति से उठकर, साथ बैठकर, जनता से चर्चा कर एक नया महासमुंद बनाने की ओर हमेशा अग्रसर रहेंगे। इससे पहले पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि अब महासमुंद की बागडोर युवा के हाथ में है। मैं नवनिर्वाचित अध्यक्ष से कहना चाहता हूं कि जिस जनता ने उन्हें अध्यक्ष के लिए चुना है उसे कभी नराज मत करना, सभी वर्ग के लोगों से चर्चा कर अपने पार्षदों के साथ बैठक कर शहर विकास का खाका तैयार कर उस पर अमल करते हुए कार्य करना। यह हमेशा ध्यान रखना कि पद अपने साथ घमंड लेकर आता है और घमंड जनता स्वीकार नहीं करती। सेवाभाव के साथ काम करने का यह एक अच्छा अवसर है। सभी की अलग-अलग प्राथमिकताएं होंगी, अलग-अलग विचार होंगे जनता के इस विचार और प्राथमिकताओं को समझकर आगे बढ़ना होगा। जनता की पीड़ा और उनकी आवश्यकताएं सुनकर कार्य करना यही सफलता का मूलमंत्र है। शपथ ग्रहण समारोह को भाजपा जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव ने भी संबोधित किया। इस दौरान मंच पर पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर, प्रदेश अध्यक्ष छ.ग. युवा आकाश शर्मा सहित नवनिर्वाचित सभी पार्षद मौजूद रहे।
अपर कलेक्टर ने दिलाई शपथ
शंकराचार्य भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर रवि साहू ने सबसे पहले नव निर्वाचित अध्यक्ष निखिलकांत साहू को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान पूरे हॉल में निखिलकांत साहू के पक्ष में युवाओं ने जमकर नारे लगाए और परिसर के बाहर आतिशबाजी की। पश्चात एक-एक कर सभी 30 पार्षदों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी, पूर्व पार्षद व बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।