नेशनल लोक अदालत आठ को, श्रम विभाग लगाएगा विशेष शिविर
महासमुंद 7 मार्च 2025। जिला न्यायालय में नेशनल लोक अदालत का आयोजन 8 तारीख को किया जाएगा। इस अवसर पर श्रम विभाग द्वारा पात्रतानुसार श्रम कार्ड व विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन करने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभागीय श्रम निरीक्षक व अन्य स्टाफ उपस्थित रहकर पात्र व्यक्तियों के श्रम कार्ड पंजीयन व संचालित योजनाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया संपन्न कराएंगे। छत्तीसगढ़ भवन व अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीयन कराने के लिए अनिवार्य दस्तावेज में आधार कार्ड, बैंक पासबुक, नियोजन के स्थान पर लिया जाने वाला स्वघोषणा पत्र व फोटो शामिल है। इसी तरह छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल अंतर्गत पंजीयन के लिए दस्तावेज आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आय प्रमाण पत्र (पटवारी, सरपंच, पार्षद द्वारा जारी), स्वघोषणा पत्र व लाइव फोटो अनिवार्य है। श्रम विभाग ने श्रमिकों से अपील की है कि वे 8 को जिला न्यायालय में आयोजित नेशनल लोक अदालत में उपस्थित होकर पात्रतानुसार पंजीयन कराएं और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
