जपं अध्यक्ष चुनाव, बसना से डिलेश्वरी, पिथौरा से उषा निर्वाचित, सरायपाली से श्रीमती लक्ष्मी निर्विरोध

महासमुंद 4 मार्च 2025। महासमुंद, पिथौरा, बसना और सरायपाली जनपद सदस्यों ने मंगलवार को अध्यक्ष चुन लिया है। भाजपा समर्थित क्षेत्र क्रमांक 18 की सदस्य श्रीमती दिशा रामस्वरूप दीवान 1 वोट के अंतर से महासमुंद जनपद पंचायत अध्यक्ष बनीं। इधर, पिथौरा से उषा पुरूषोत्तम धृतलहरे, बसना से श्रीमती डिलेश्वरी मिलापराम निराला और सरायपाली से श्रीमती लक्ष्मी हरिशचंद पटेल जनपद अध्यक्ष चुनीं गई हैं।
बता दें कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद बागबाहरा जनपद को छोड़ महासमुंद, पिथौरा, बसना और सरायपाली में जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव हो रहा है। महासमुंद जनपद पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव के लिए एसडीएम हरिशंकर पैकरा पीठासीन अधिकारी तथा सहायक पीठासीन अधिकारी कृष्णकुमार साहू रहे। यहां सबसे पहले अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के बाद सभी 25 जनपद सदस्यों ने चुनाव में हिस्सा लिया। जिसमें क्षेत्र क्रमांक -18 की भारतीय जनता पार्टी समर्थित श्रीमती दिशा रामस्वरूप दीवान को कुल 13 मत प्राप्त हुए वहीं कांग्रेस समर्थित जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक-16 की सृष्टि मोहित ध्रुव को 12 मत प्राप्त हुए। मात्र एक वोट के अंतर से श्रीमती दिशा रामस्वरूप दीवान महासमुंद जनपद पंचायत की अध्यक्ष चुन ली गईं।