शिक्षक के घर से नगदी सहित 10 लाख के गहने चोरी
महासमुंद 24 फरवरी 2025। सांकरा के एक घर से कैश समेत करीब 10 लाख से ज्यादा के सोने चांदी के गहनों की चोरी हो गई। शिक्षक दंपति प्रयागराज महाकुंभ में डूबकी लगने गए थे। लौटे तो अलमारी का ताला टूट मिला।
सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामनगर निवासी शिक्षक देवनाथ पटेल (60) अपनी धर्मपत्नी के साथ 21 को सांकरा से प्रयागराज के लिए निकले थे। कुंभ में पवित्र स्नान कर के 24 को सांकरा लौटे तो घर का और अलमारी का ताला टूट मिला। अंदर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। अलमारी के लाॅकर को देखा तो उसमें रखे लगभग साढ़े 12 तोला सोने के आभूषण और 35 हजार कैश की चोरी कर ली गई। चोरी हुए सोने की कीमत लगभग 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। शिक्षक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल जा रहा है।
