तृतीय चरण के महासमुंद जनपद पंचायत में शांतिपूर्ण मतदान, 82.53 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग

महासमुंद 24 फरवरी 2025। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत तृतीय चरण में महासमुंद जनपद पंचायत के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में महासमुंद जनपद पंचायत क्षेत्र के सभी 105 पंचायतों के 279 मतदान केंद्रों में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सम्पन्न हुआ। महासमुंद जनपद में 82.53 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 83.42 प्रतिशत पुरुष मतदाता एवं 81.68 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल है। जनपद पंचायत महासमुंद अंतर्गत एक लाख 70 हजार 607 मतदाताओं में से कुल एक लाख 40 हजार 805 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें पुरुष मतदाता 83 हजार 558 में से कुल 69 हजार 707 मतदाता व महिला मतदाता 87 हजार 49 में से कुल 71 हजार 98 मतदाता शामिल है।