गौ सेवा समिति ने बचाई 20 मवेशियों की जान
महासमुंद 20 फरवरी 2025। रामराज परिवार गौ सेवा समिति सरायपाली के सदस्यों ने बूचड़खाना ले जाए जा रहे 20 मवेशियों की जान बचाई। मामले में सिंघोड़ा पुलिस ने एक युवक पर कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि 19 तारीख को महलपारा वार्ड 15 सरायपाली निवासी रामराज परिवार गौ सेवा समिति सरायपाली के अध्यक्ष मयंक शर्मा (26) ने थाने में शिकायत की कि परसकोल जंगल के पास एक व्यक्ति 20 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक वध करने के लिए ओडिशा ले जा रहा है। बाद प्रार्थी और गौ समिति के सदस्य साथी उपेन्द्र बंजारा, जयप्रकाश बंजारा, साहिल पटनायक, नवीन देवता व नवीन सिंह ठाकुर के साथ परसकोल जंगल के पास गए। जहां आरोपी से पूछताछ की। जिस पर उसने अपना नाम-पता वार्ड 2 सारंगढ़ निवासी सुमीत श्रीवास(22) बताया। मवेशियों के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने राज्य से ओडिशा राज्य बूचड़खाना ले जाना बताया। रिपोर्ट पर सिंघोड़ा थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
