आयुक्त बस्तर संभाग ने ली कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों की बैठक

मतदान सुचारू एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के निर्देश
नारायणपुर, 06 फरवरी 2025// आयुक्त बस्तर संभाग डोमन सिंह एवं आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी. ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों की नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के संबंध में बैठक लेकर निर्वाचन को सुचारू एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिये। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को सुचारू और निष्पक्ष ढंग से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई ताकि चुनाव संबंधी सभी प्रक्रियाएं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
आयुक्त बस्तर संभाग डोमन सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हर योग्य मतदाता का नाम सूची में शामिल हो और वे अपने मतदान का अधिकार सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं को मतदान करने में किसी भी प्रकार की कठिनाईयों का सामना करना न पड़े। श्री सिंह ने रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसरों से जानकारी लेते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में निर्वाचन संपन्न कराने निर्देशित किये। निर्वाचन अधिकारियों का चुनाव प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान होता है, इसलिए उनकी नियुक्ति में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव कर्मियों की व्यवस्था और प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली और चुनाव में संलग्न होने वाले सभी कर्मियों की उचित व्यवस्था और प्रशिक्षण देने निर्देश दिये। आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी. ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्वाचन के दौरान मतदान दल के किसी भी सदस्य को उनके रिश्तेदार या अन्य स्थानों पर न रूकने दिया जाए।
नगरपालिका क्षेत्र नारायणपुर में 16 हजार 811 मतदाता हैं, जिसमें 7 हजार 928 पुरूष, 8 हजार 881 महिला और 02 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए 02 और पार्षद पद के लिए 36 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार त्रिस्तरीय पंचायत में विकासखण्ड नारायणपुर में 60 हजार 94 मतदाता हैं, जिसमें 28 हजार 376 पुरूष, 31 हजार 716 महिला एवं तृतीय लिंग के 02 मतदाता हैं। विकासखण्ड ओरछा में 21 हजार 437 मतदाता हैं, जिसमें 10 हजार 629 पुरूष और 10 हजार 808 महिला मतदाता शामिल हैं।
इस दौरान डीआईजी अमित तुकाराम काम्बले, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सीईओ जिला पंचायत आकांक्षा शिक्षा खलखो, व्यय प्रेक्षक ताम्रध्वज साहू, रिटर्निंग आफिसर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई सहित निर्वाचन दायित्व से संबंधित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।