41 किलो गांजे के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे 6 लाख का गांजा
महासमुंद 17 जनवरी 2025। जिले के थाना सिंघोडा और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के संयुक्त टीम ने 2 कार में सवार 6 अंतर्राज्यीय तस्करों से 6 लाख 15 हजार कीमत का 41 किलो गांजा बरामद किया है। इनमें 2 ओडिशा के और 4 महाराष्ट्र के तस्कर हैं। सभी को पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। जिले के सिंघोड़ा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ओडिशा और एक महाराष्ट्र पासिंग कार छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर टीम ने अंतर्राज्यीय सीम के रेहटीखोल चेक पोस्ट नेशनल हाईवे 53 पर गुरुवार को चेकिंग पाइंट लगा कर इंतजार में थे। इस बीच एक सफेद कलर की आर्टिगा कार क्रमांक OD- 02 CZ 8252 एवं एक गोल्डन सिल्वर कलर की टोयोटा क्रोल्ला कार क्रमांक MH – 06 AB 3307 को रोका गया। पुलिस टीम को देख कर कार को तेज गति से भगाने लगे जिसे पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ा।कार में हुसैन इकबाल शेख (42), न्यू अप्रोच रोड बिहाईण्ड तुलसीवाडी पोस्ट मुम्बई महाराष्ट्र, शाहनवाज मोहम्मद उमर अंसारी (31), वर्सोवा मुम्बई महाराष्ट्र, अनवर मुन्ना खान (54), न्यू अप्रोच रोड मुम्बई महराष्ट्र, देवेन्द्र साहू (40), कियाकटा जिला अंगुल ओडिशा, अंजन कुमार महंती (34), कियाकटा जिला अंगुल ओडिशा और अताउल्ला खां (42), वार्ड नंबर 11 सरकार नगर पुराना बाजार जिला भद्रक ओडिशा सवार थे। टीम ने जब पूछताछ की तो सभी गुमराह करता रहा। जब कड़ाई से पूछताछ की और कार की तलाशी ली तो डिक्की टेप से लिपटा हुआ 41 पैकेट बरामद किया गया। उसमें से 41 किलो गांजा निकला। जिसकी कीमत 6 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में यह भी निकलकर सामने आया कि तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्र खपाने जा रहे थे। पुलिस ने 2 कार 7 मोबाइल जब्त कर सभी आरोपियों को धारा 20(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
