व्यायाम शिक्षक की पत्नी ले रहीं हैं महतारी वंदन योजना का लाभ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने कहा, फार्म भरते समय पता नहीं था
महासमुंद 3 जनवरी 2025। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मिली भगत से नियम विरुद्ध व्यायाम शिक्षक की पत्नी पिछले 10 महीने से महतारी वंदन योजना का लाभ ले रहीं है। ऑफलाइन फार्म भर कर हर महीने शिक्षक की पत्नी के यूनियन बैंक के खाते में एक – एक हजार रुपये का भुगतान हो रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और शिक्षक ने गलत जानकारी देकर इस फर्जीवाड़ा को अंजाम दिया है। महतारी वंदन योजना में फर्जीवाड़ा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला पंचशील वार्ड नंबर-26 निवासी दुर्गा चंद्राकर का है, जिनके पति बिलासपुर संभाग में व्यायाम शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। दुर्गा चंद्राकर के यूनियन बैंक एकाउंट नंबर 557602010007663 पर पिछले 10 महीने से महतारी वंदन योजना के तहत प्रति माह हजार रुपये जमा हो रहे हैं। दुर्गा चंद्राकर के नाम से महतारी वंदन योजना का फार्म फरवरी 2024 को पंचशील नगर वार्ड नंबर 26 के एक नंबर आंगनबाड़ी केंद्र कोड 22411050305 से भरा गया था। इस आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को पहले से ही पता था कि आवेदिका दुर्गा चंद्राकर के पति शासकीय कर्मचारी है फिर भी फर्जीवाड़ा कर के फार्म को ऑफलाइन भरा गया था। इस फर्जीवाड़ा को जिस आंगनबाड़ी से अंजाम दिया गया है उस आंगनबाड़ी के कार्यकर्ता सुधा डोंडेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका संघ की प्रांताध्यक्ष है। इस बारे में जब प्रांताध्यक्ष व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुधा डोंडेकर से पूछा तो उन्होंने कहा विभाग को होल्ड करने के लिए लिख कर दिया गया है, इसकी सारी जानकारी अधिकारी को है, फिर भी दिसंबर तक का भुगतान कैसे हुआ? ये मुझे नहीं पता। शायद अब होल्ड हुआ होगा। फार्म भरते समय मुझे नहीं पता था कि उनके पति शासकीय कर्मचारी है मुझे पता था कि वे संजीवनी अस्पताल में ड्राइवर है। क्योंकि उनका बच्चा आंगनबाड़ी केंद्र आता था।
