त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन, 8-9 को होगा पंचायतों का आरक्षण

बलरामपुर 03 जनवरी 2025। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत जिला पंचायत के सदस्य, जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं सदस्यों तथा समस्त ग्राम पंचायतों के सरपंच व वार्ड पंच का आरक्षण व महिलाओं के प्रवर्गवार आबंटन एवं आरक्षण की कार्यवाही किया जाना है। इसके लिए कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के द्वारा आरक्षण की कार्यवाही सुचारू रूप से सम्पन्न कराये जाने हेतु अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में जिला पंचायत के सदस्य, जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं सदस्यों के आरक्षण 9 तारीख को जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित किया गया है। इसके लिए अपर कलेक्टर इंद्रजीत बर्मन को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार जिले के सभी जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाले समस्त ग्राम पंचायत के सरपंच एवं वार्ड पंच एवं महिलाओं के प्रवर्गवार आबंटन एवं आरक्षण 8 तारीख को प्रातः 10 बजे से संबंधित जनपद पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित किया गया है। इसके लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।