चिकित्सा संस्थाओं में स्टाफ की सुरक्षा उपायों के तत्काल क्रियान्वयन के लिए बैठक , संभागायुक्त कर्मियों के सुरक्षा के लिए निर्देश
दुर्ग, 24 दिसंबर 2024। शासन के अंतर्गत संभाग में संचालित समस्त चिकित्सा संस्थाओं में कार्यरत स्टाफ की सुरक्षा उपायों के तत्काल क्रियान्वयन के लिए संभागायुक्त एस.एन. राठौर की अध्यक्षता में संभागीय आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में विगत दिन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस महानिरिक्षक रामगोपाल गर्ग, डीजी मोहित गर्ग, कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला, चन्दूलाल चिकित्सा महाविद्यालय कचांदुर एवं चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति शासकीय चिकित्सालय के डीन डॉ तृप्ति नागरिया, डॉ. कुजलदीप सिंह सांगा, भारत रत्न स्व. अटल बिहारी बाजपेयी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के प्रशासकीय अधिकारी डॉ टेकन कुमार, चिकित्सक डॉ पवन जेठानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान संभागायुक्त श्री राठौर ने चिकित्सा कर्मियों को प्राप्त कानूनी संरक्षण को प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने, सुरक्षा और हिंसा रोकथाम के लिये समितियों के गठन, चिकित्सा संस्थाओं में प्रवेश पर नियंत्रण, चिकित्सा कर्मियों के लिए सुरक्षा प्रावधान, पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था एवं निगरानी, रात्रिकालीन सुरक्षागश्त, चौबीसों घंटे सुरक्षा नियंत्रण कक्ष की स्थापना, स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय, यौनउत्पीड़न घटना की रोकथाम हेतु गठित आंतरिक समिति के बेहतर संचालन, चिकित्सा संस्थाओं में पुलिस चौकी की स्थापना एवं पुलिस प्रशासन के माध्यम से सुरक्षा ऑडिट कार्य, हेल्पलाईन नंबर 112 के माध्यम से सुरक्षा सुनिश्चित करना आदि विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा कर संबंधित विभाग अधिकारियों को क्रियान्वयन हेतु निर्देशित किया।
संभागायुक्त श्री राठौर ने अवगत कराया कि कोलकाता के आरजीकर अस्पताल में हुई घटना के बाद उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुसार भारत सरकार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा दिशा-निर्देशों जारी किए गए है। छत्तीसगढ़ सरकार ने उक्त आदेश का पालन करते हुए एवं मामले को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सा संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में कार्यवाही के निर्देश दिए है। उन्होंने चन्दूलाल महाविद्यालय कचांदुर एवं चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति शासकीय चिकित्सालय में क्रियान्वित गतिविधियों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था दुरूस्थ करने संबंधी आवष्यक निर्देष दिए।
