जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, जमीन पर अवैध कब्जा, एसडीएम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
कोण्डागांव, 23 दिसंबर 2024। साप्ताहिक जनदर्शन में सोमवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आम नागरिकों की जनसमस्याओं से अवगत हुए। जनदर्शन में ग्राम माकड़ी निवासी मंगलराम ने उनकी जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा कब्जा कर फसल लगाने की शिकायत की। कलेक्टर ने उनकी शिकायत पर एसडीएम को जांच हेतु निर्देशित किया। ग्राम पंचयत नवागांव के अंतर्गत ग्राम खोड़सानार के ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से हो रही परेशानियों की जानकारी देते हुए मोबाईल टॉवर लगाने की मांग की। ग्राम पेण्ड्रावन निवासी मयाराम एवं उनके परिवार ने उनके पैतृक जमीन पर कब्जा होने पर सीमांकन की मांग की। उनकी मांग पर एसडीएम को निर्देशित किया। इसके अलावा विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर कई आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
